Ranchi : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड की मेजबानी में रांची में आयोजित एसजीएफआई राष्ट्रीय स्कूली अंडर 19 हॉकी प्रतियोगिता में मेजबान झारखंड ने दोनों वर्गों में चैंपियन ट्रॉफी अपने नाम किया।
जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम मोरहाबादी में खेली गयी इस प्रतियोगिता के बालिका वर्ग के फाइनल मैच झारखंड ने चंडीगढ़ को 7-1 से हराकर विजेता ट्रॉफी हासिल की। झा्रखंड के लिए स्विटी डुंगडुंग ने तीन, रीना कुल्लू ने दो और एस्टर होरो व सलोमी ने एक-एक गोल किए। बालक वर्ग में झारखंड और ओडिशा के बीच कांटे की टक्कर वाले मुकाबले में अंतिम समय में एडिसन मिंज के गोल से झारखंड के खाते में चैंपियन ट्रॉफी आई। इससे पहले दोनों वर्गो में उत्तर प्रदेश की टीम ने तीसरे स्थान का मैच जीता। बालक वर्ग में उत्तर प्रदेश ने पंजाब को 5-0 से और बालिका वर्ग में गुजरात को 3-1 से पराजित किया। समापन समारोह में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की और हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने विजेता व उपविजेता टीम को सम्मानित किया। इस अवसर पर झारखंड शिक्षा परिजोयजना परिषद के प्रशासी पदाधिकारी एसडी तिग्गा, डीएसई बादल राज, जेईपीसी के कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग, हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, सीईओ रजनीश कुमार सहित खेल कोषांग के पदाधिकारी भी मौजूद थे।
लोक कलाकारों ने बांधा समां
समापन समारोह में झारखंड के लोक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से समां बांध दिया। भारतीय लोक कल्याण संस्थान के कलाकारों ने दमदार प्रस्तुति दी। लोक गायिका मधुमिता ने खेलो झारखंड थीम सॉन्ग गाकर सभी आंगतुकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम का संचालन चंद्रदेव सिंह एवं जय होरो ने किया। मौके पर भूषण बाड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड में खेल और खिलाड़ियों की कोई भी आवश्यकता हो तो वे दिन-रात हर तरह से उनके साथ हैं। हर बुनियादी सुविधाएं खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जाएंगी। भोलानाथ सिंह ने कहा कि हॉकी खेल में निरंतर झारखंड बढ़ रहा है। अनुशासन बनाकर आप आगे बढ़ते रहिए और खिलाड़ियों को हम सभी सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे।
बेस्ट स्कोरर
बालक वर्ग : मानस शरीक बोरो (असम)
बालिका वर्ग : प्रतिमा (उत्तर प्रदेश)
बेस्ट गोलकीपर
बालिका वर्ग : सोनाली तिर्की (झारखंड)
बालक वर्ग : गौरव कुमार (चंडीगढ़)