जेपी नड्डा का हेमंत सरकार पर हमला: झारखंड में दनदना रहे लैंड -सैंड माफिया, दिख रहा जंगलराज

Ranchi: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हेमंत सरकार पर जोरदार हमला बोला है. शनिवार को हरमू मैदान, रांची में प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित संकल्प यात्रा के समापन समारोह में जनसभा में हेमंत सोरेन को लेकर कई सवाल भी उठाए. उन्होंने कहा कि जनजाति समाज के लोगों को बरगला कर उनसे वोट मांगे, पर सरकार बनने के बाद सबसे ज्यादा अहित इस समाज का जितना उन्होंने किया है, शायद ही किसी और ने किया.

राज्य में धर्मांतरण और तुष्टिकरण को बढावा दिया। हम सब संकल्प लें कि इस सरकार को आगे वोट ना मिले. राज्य सरकार इडी, सीबीआई से बचने का प्रयास कर रही। यहाँ लैंड, सैंड माफिया दनदना रहे हैं। 81 विधानसभा क्षेत्रों में बाबूलाल मरांडी के संकल्प यात्रा में जिस तरह से जनता का आशीर्वाद मिला है, इस सरकार का जाना तय है.

श्री नड्डा के मुताबिक भाजपा जब सत्ता में आती है तो विकास की बातें होती हैं। पर जब झामुमो कांग्रेस की सरकार होती है तो वे अपने हितों, मेवा पाने को काम करते हैं। इसलिए वे इडी, सीबीआई से परेशान रहते हैं। अगर इडी, सीबीआई उनके मामले में गलत हो तो वे कोर्ट का दरवाजा क्यों नहीं खटखटाते। वे सब भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हैं.

जंगलराज से त्रस्त झारखंड

जेपी नड्डा ने ताज्जुब जताते कहा कि कोई सरकार ऐसी नहीं देखी जो अपने लिए जमीन का टेंडर करवाती हो। अगर वे गलत हैं तो उनकी बातों को कोई काट दे। जमीन हड़पने को हेमंत के माता- पिता अपना नाम बदल देते हैं। जैसा लैंड स्कैम यहाँ हुआ, वैसा इतिहास में नहीं हुआ होगा। ट्रांसफर पोस्टिंग भी ऐसा नहीं हुआ। मंदिरों में मुर्तियां तोडी जा रही हैं। शिव बारात रोकी जाती है। पुलिस मुकदर्शक बनी रहती है। यह सब तुष्टिकरण है। ऐसे में अनाचार से युक्त इस सरकार को हटाने को संकल्प लेना जरूरी है। इस राज्य में जब अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी, रघुवर दास जैसे भाजपा नेताओं का राज रहा, नक्सल समस्या पर लगाम लगी रही। पर इस सरकार में वे दनदना रहे हैं। महिलाओं, बच्चियों संग गलत हो रहा, बलात्कार की घटनाएं बढी हैं। राज्य में सरकार ने जंगलराज बना रखा है। ऐसे में बाबूलाल मरांडी ने सही समय पर संकल्प यात्रा निकाली

नड्डा के मुताबिक पीएम मोदी ने झारखंड को विकास की मुख्य धारा में लाने को कोई कसर नहीं छोड़ी। 2014 तक यहाँ मात्र 2402 किमी एन एच था। चार सालों बाद यह 7491 किमी हो गया। 1100 करोड़ की लागत से देवघर में एम्स तैयार हो गया। चार सालों में निर्माण के साथ यह लोगों को समर्पित भी हो गया। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची पर काम हुआ है। आने वाले समय में वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन रांची का तैयार होगा। गोड्डा में कोच मेंटेनेंस का डिपो बना।
इसकी तुलना में जिस काम में राज्य सरकार ने हाथ लगाया, उसका बंटाधार ही हुआ। पीएम आवास के लिए राज्य को केंद्र से पैसे मिले पर काम धीमा है। गरीब कल्याण के लिए जो अनाज झारखंड को मिला, उसमें भ्रष्टाचार हुआ। यह सरकार विकास के खिलाफ है। अपना धंधा चला रही है। केंद्र से जो पैसा आवास, इज्जत घर और दूसरे कामों के लिए मिलता है, उसे धरातल पर लाने को इस सरकार को बदलने का संकल्प सब लें। कांग्रेस की एक नेत्री का नाम लिए बगैर कहा कि इन्हें धर्म, संस्कृति, मंदिर, आस्था से कोई मतलब नहीं। कभी मंदिरों का पुनर्निर्माण या उद्धार नहीं कराया। डब्बा, दान पेटी में अंतर नहीं मालूम। अब वे चुनाव की घड़ी देखकर राजनीतिक, इलेक्शन टूरिज्म पर राजस्थान जा रही हैं। फरेब, झूठ की राजनीति करने वाले को अब बिठाने का समय आ गया है

यह रहे मौजूद

इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी, केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश पदाधिकारी लक्ष्मी कांत वाजपेयी, क्षेत्रीय संगठन मंत्री नागेंद्र, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद संजय सेठ, सुदर्शन भगत, सुनील कुमार सिंह, सुनील सोरेन, बीडी राम, आदित्य साहु, दीपक प्रकाश, विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, राज सिन्हा, अमित मंडल, अपर्णा सेन गुप्ता, अनंत ओझा, नवीन जायसवाल, रणधीर सिंह, जेपी पटेल, समरी लाल, सीपी सिंह, राष्ट्रीय महामंत्री आशा लकड़ा सहित पार्टी और मंडलों के पदाधिकारी सहित अन्य भी उपस्थित थे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours