झारखंड वीमेंस एशियन चैंपियनशिप : डिफेंडिंग चैंपियन जापान ने मलेशिया को 3-0 से परास्त कर की विजयी आगाज

Ranchi: राजधानी रांची में पहली बार आयोजित झारखंड वीमेंस एशियन चैंपियनशिप हॉकी 2023 का शुक्रवार को रंगारंग आगाज हो गया। डिफेंडिंग चैंपियन जापान व मलेशिया के बीच पहला मैच खेला गया।मुकाबले में जापान ने मलेशिया को 3-0 से हराकर शानदार शुरुआत की.

जापान की टीम को 13वें मिनट में ओगावा रिका ने बढ़त दिलाई। यह टूर्नामेंट का पहला गोल था। हाफ टाइम तक जापान की टीम 1-0 से आगे रही। दूसरे हाफ के खेल में भी जापानी टीम ने लगातार हमला जारी रखा। तोरियामा मई ने 43वें मिनट में एक शानदार गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। खेल के अंतिम 54वें मिनट में शिहो ने पेनाल्टी कॉर्नर से गोलकर टीम को 3-0 से बड़ी जीत दिला दी। मैच में शानदार खेल दिखाने को नगाई हाजुकी को प्लेयर्स आफ द मैच का खिताब मिला.

मैच का आनंद लेने को जुटे दर्शक

मोरहाबादी के मरांग गोमके जयपाल सिंह एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम में दर्शकों से खचाखच भरे स्टेडियम में खिलाड़ियों ने अपने शानदार खेल के प्रदर्शन से लोगों का दिल जीत लिया। मैच से पहले रंगारंग कार्यक्रम व मस्कट जूही ने लोगों का खूब मनोरंजन किया। मुकाबले का उद्घाटन खेल मंत्री हफीजुल हसन, विकास आयुक्त अरुण कुमार सिंह, डीजीपी अजय कुमार सिंह, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह ने किया। वहीं, उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा व एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने मैच का आनंद उठाते हुए सुरक्षा की कमान को भी संभाला। इस दौरान उपायुक्त व एसएसपी ने मस्कट जूही के साथ फोटो भी खिंचवाए। साथ ही चीयरलीडर्स ने भी दर्शकों का उत्साह बढ़ाया.

 लोगों ने बड़े स्क्रीन में मैच का आनंद उठाया

स्टेडियम में दर्शकों के भर जाने के बाद लोगों ने मोरहाबादी मैदान में लगे एलईडी स्क्रीन पर मैच का आनंद लिया। जोहार एशिया पोस्टर से स्टेडियम और स्टेडियम के आसपास का एरिया पटा नजर आया। खासकर मोरहाबादी एरिया पूरा हॉकीमय हो गया। सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पार्किंग के लिए मोरहाबादी मैदान में सुविधा मुहैया कराई गई है। एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां स्टेडियम परिसर में मौजूद हैं। मैदान के बाहर सीएम हेमंत सोरेन का हॉकी स्टिक के साथ कट आउट भी देखते बन रहा.

चीन- कोरिया और भारत तथा थाईलैंड के मुकाबले का इंतजार

जापान- मलेशिया के मैच के बाद चीन, कोरिया का मैच होना है। इसके बाद शुक्रवार को आखिरी और तीसरा रात 8.30 बजे भारत का पहला मुकाबला थाईलेंड से होगा।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours