कानपुर में हेयर ट्रांसप्लांट के दौरान इंजीनियर की मौत, डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप

 

कानपुर से सुमित शर्मा की रिपोर्ट: यूपी के कानपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पनकी पावर प्लांट में सहायक अभियंता (AE) के पद पर तैनात विनीत दुबे की हेयर ट्रांसप्लांट के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि विनीत दुबे हेयर ट्रांसप्लांट के लिए इंपायर वाराही क्लिनिक गए थे, जहां डॉक्टर अनुष्का तिवारी द्वारा लगाए गए इंजेक्शन के बाद उनके चेहरे पर सूजन आ गई और तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।


14 मार्च को हुई थी मौत, 54 दिन बाद दर्ज हुई FIR

रावतपुर थाना क्षेत्र स्थित ऑफिसर कॉलोनी में रहने वाले 37 वर्षीय इंजीनियर विनीत दुबे की मौत 14 मार्च को हुई थी। उनके परिजनों ने 54 दिन बाद मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने FIR दर्ज की। विनीत की पत्नी जया ने बताया कि उन्होंने थाना, चौकी, एसीपी और डीसीपी के दफ्तरों के कई चक्कर लगाए, लेकिन कहीं भी उनकी बात नहीं सुनी गई।


पनकी पावर प्लांट में थे तैनात

विनीत दुबे मूल रूप से गोरखपुर के रहने वाले थे और पनकी पावर प्लांट में सहायक अभियंता के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में उनकी पत्नी जया और दो बच्चे हैं। 13 मार्च को उन्होंने हेयर ट्रांसप्लांट के लिए इंपायर वाराही क्लिनिक में डॉक्टर अनुष्का तिवारी से संपर्क किया। उसी दिन ट्रांसप्लांट प्रक्रिया के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।


इलाज के दौरान हुई मौत, डॉक्टर फरार

विनीत की पत्नी जया ने बताया कि डॉक्टर अनुष्का तिवारी ने फोन पर जानकारी दी थी कि इंजेक्शन लगाने के बाद विनीत के चेहरे पर मामूली सूजन आ गई है, इसलिए उन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है। स्थिति बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें रिजेंसी हॉस्पिटल में भर्ती कराया, लेकिन 14 मार्च को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस हादसे के बाद डॉक्टर अनुष्का तिवारी क्लिनिक और मोबाइल फोन बंद कर फरार हो गईं।


पुलिस ने दर्ज की रिपोर्ट

विनीत की पत्नी जया ने डॉक्टर के खिलाफ ऑडियो, वीडियो और अन्य साक्ष्यों के साथ मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर रावतपुर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की। एसीपी अभिषेक पांडेय के मुताबिक, इंजीनियर की पत्नी की तहरीर पर डॉक्टर के खिलाफ लापरवाही से मौत (IPC की धारा 304A) का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


न्याय की उम्मीद में परिवार

विनीत दुबे के परिवार ने न्याय की मांग की है। पत्नी जया का कहना है कि उनके पति की मौत डॉक्टर की लापरवाही का नतीजा है और उन्हें इंसाफ मिलना चाहिए। पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है और दोषियों को सजा दिलाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।


यह घटना स्वास्थ्य सेवाओं में बरती जा रही लापरवाही और उसकी खतरनाक परिणामों को उजागर करती है। क्या कानपुर पुलिस इस मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिला पाएगी? यह देखना बाकी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *