नगरपालिका सेवा संवर्ग नियुक्ति परीक्षा पर अमर बाउरी का सवाल, कहा- मजिस्ट्रेट से हो जांच

1 min read

Ranchi: भाजपा विधायक दल के नेता अमर बाउरी ने रविवार को आयोजित नगरपालिका सेवा संवर्ग नियुक्ति परीक्षा पर सवाल उठाया है। परीक्षा में धांधली के आरोप लगाए हैं। कहा है कि राज्य सरकार झारखंड की नौकरियां बेचने में लगी है। ऐसा होने नहीं देंगे। सोशल मीडिया के जरिये आरोप लगाते कहा है कि युवा विरोधी “लूट और झूठ” की झारखंड सरकार का संगठित कुकृत्य एक बार पुन: सामने आया है. नगरपालिका परीक्षा में बड़ी गड़बड़ी की सूचना है। छात्रों का कहना है कि “कई केंद्रों पर सील टूटे पेपर मिले”।
बाउरी के मुताबिक अब जिम्मेदारी जे.एस.एस.सी (झारखंड कर्मचारी चयन आयोग) की है कि वह कैसे छात्रों की शंका का निवारण करता है। अगर मन में खोट नहीं है तो झारखण्ड सरकार मजिस्ट्रेट स्तर पर मामले की निष्पक्ष जांच कराए। अगर भ्रष्टाचार हुआ है तो दोषियों पर कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित करते हुए परीक्षा रद्द करे.

परीक्षा भर्ती रोकथाम और निवारण विधेयक काला कानून

अमर बाउरी ने कहा है कि डर इस बात का है कि नए काला कानून “झारखंड प्रतियोगी परीक्षा भर्ती रोकथाम और निवारण विधेयक” के मुताबिक झारखंड सरकार अपने पाप को छुपाने के लिए आवाज उठाने वाले विद्यार्थियों को ही जेल में न डाल दें। साथ ही बाउरी ने योग्य अभ्यर्थियों की हकमारी बर्दाश्त नहीं किए जाने की चेतावनी भी दी है।

921 पदों के लिए परीक्षा

गौरतलब है कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की तरफ से नगरपालिका सेवा संवर्ग नियुक्ति परीक्षा के तहत अलग अलग पदों (921 पद) के लिए परीक्षा ली जा रही है। परीक्षा एक चरण में आयोजित की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को तीन जिलों (रांची, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम ) में परीक्षा का आयोजन हुआ। सोमवार को भी परीक्षा होनी है। रविवार को रांची में एक परीक्षा केंद्र पर परीक्षा समाप्त होने के बाद धांधली बरते जाने का आरोप लगाते हंगामा किया था। प्रश्न पत्र का पैकेट सील नहीं होने, प्रश्न पत्रों पर क्रमांक नहीं लिखे होने और अन्य आरोप लगाए थे।

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours