कल्याण मंत्री ने रांची के राजकीय पिछड़ी जाति +2 बालिका उच्च विद्यालय का किया औचक निरीक्षण, छात्राओं से की सीधी बातचीत
रांची। झारखंड के कल्याण मंत्री चमरा लिंडा ने बुधवार को राजधानी रांची स्थित जेल मोड़ के राजकीय पिछड़ी जाति +2 आवासीय बालिका उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, छात्राओं की उपस्थिति, भोजन व्यवस्था, आवासीय सुविधाओं, पुस्तकालय एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री लिंडा ने विद्यालय प्रबंधन समिति और छात्राओं से सीधा संवाद स्थापित किया और उन्हें राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक और कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “आप सभी को लगन से पढ़ाई करनी है और डॉक्टर, इंजीनियर जैसे बड़े लक्ष्य हासिल करने हैं। अब वह जमाना नहीं रहा जब यह सोचा जाता था कि लड़कियां सिर्फ शादी के बाद किसी और के घर चली जाएंगी। आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हैं।”
इस अवसर पर मंत्री ने विद्यालय परिसर में निर्माणाधीन बालिका छात्रावास भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को निर्देश दिया कि छात्राओं के लिए एक सुरक्षित, सुविधाजनक और आधुनिक आवासीय व्यवस्था को जल्द से जल्द पूर्ण किया जाए।