FIH हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर: झारखंड और हॉकी इंडिया के बीच एमओयू, आयोजन में सरकार से मिलेगी पूरी मदद भी

1 min read

Ranchi: रांची में 13 से 19 जनवरी तक एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर का आयोजन होना है. इसे लेकर गुरूवार को झारखंड सरकार और हॉकी इंडिया के बीच एमओयू हुआ. मौके पर झारखंड की ओर से हॉकी इंडिया को 5 करोड़ (स्पॉन्सरशिप) का चेक सौंपा गया. इस दौरान झारखंड सरकार के प्रतिनिधि के तौर पर खेल सचिव मनोज कुमार और  खेल निदेशक सुशांत गौरव भी मौजूद रहे. वहीं हॉकी झारखंड की ओर से हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह, कोषाध्यक्ष शेखर जे मनोहरन समेत अन्य अधिकारी और भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ी भी मौजूद रहीं.

 

भारत में हॉकी को बढ़ावा: महासचिव

एमओयू के बाद हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने आभार व्यक्त किया. कहा कि एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर रांची 2024 के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर हुआ है. यह भारत में हॉकी को बढ़ावा देने की दिशा में हमारी सामूहिक यात्रा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है. उन्होंने एफआईएच के अध्यक्ष तैयब इकराम को टूर्नामेंट की मेजबानी देने के लिए भी आभार व्यक्त किया.

आयोजन के लिए पूरा सहयोग: मनोज कुमार

मनोज कुमार ने कहा कि एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर रांची 2024 से जुड़ने पर गर्व है. यह एक महत्वपूर्ण आयोजन है, जो खेल भावना को दर्शाता है.  झारखंड इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी करने के लिए सम्मानित महसूस कर रहा है. हम इसका स्वागत करते हैं. उन्होंने झारखंड को मेजबानी देने के लिए हॉकी इंडिया का आभार जताया. साथ ही इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूरा सहयोग करने की बात कही. सुरक्षा से लेकर सफाई तक सभी सुविधाएं यहाँ मुहैया की जायेंगी.

You May Also Like

More From Author

+ There are no comments

Add yours